



नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्हकार ढाला से पश्चिम गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे शौच करने गए एक पशुपालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के नन्हकार वार्ड संख्या-1 निवासी स्व. युगल यादव के पुत्र फंटूश यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक फंटूश यादव घटनास्थल के समीप ही रेलवे किनारे बासा बनाकर मवेशी पालन करते थे। मंगलवार को वह गंगा घाट पर शौच करने गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय किसानों ने उन्हें डूबते देखा और तुरंत दौड़कर पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते गंगा घाट पहुंचे और शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतक तीन भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। उसका विवाह वर्ष 2014 में हुआ था। पीछे पत्नी रीना देवी, मां सुमीरा देवी, दो पुत्रियां सोनाक्षी (9 वर्ष), मीनाक्षी (7 वर्ष), दो पुत्र पवन (5 वर्ष) और अनुराग (2 वर्ष) समेत पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।
मृतक के भाई रंजन कुमार, फुटेश कुमार और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिहपुर थानाध्यक्ष पु.नि. संतोष कुमार ने बताया कि शौच के क्रम में पैर फिसल जाने से युवक गहरे पानी में डूब गया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रक्रिया के तहत मृतक के परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।














