



पति-ससुर समेत 10 लोगों पर केस की मांग
नवगछिया : शादी के महज तीन महीने बाद ससुराल में प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए एक नवविवाहिता ने महिला थाना नवगछिया में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने अपने पति, ससुर सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों पर शराब के नशे में मारपीट करने तथा घर से निकालने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता पल्लवी कुमारी (20 वर्ष), निवासी औलियावाद, थाना झंडापुर (बिहपुर), जिला भागलपुर ने अपने आवेदन में बताया है कि उसकी शादी 5 दिसंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से चंदन कुमार, निवासी बड़ी झिटकिया, थाना महेशखुंट, जिला खगड़िया के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा।
आवेदन के अनुसार पति चंदन कुमार, ससुर विधान राम समेत परिवार के अन्य सदस्य शराब पीकर उसके साथ मारपीट करते थे और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शिकायत में रामकुमार राम, धनराज राम, रोहित राम और गुंजन राम के नाम भी शामिल किए गए हैं। वहीं घर की महिलाओं—हीरा देवी, पूजा देवी और बुलबुल देवी—पर भी मारपीट में सहयोग करने तथा मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि सभी लोग मिलकर उसे घर से निकालने की धमकी देते थे। साथ ही शादी तय कराने वाले रंजीत कुमार, निवासी मुक्तिपुर, थाना गोगरी, जिला खगड़िया पर विवाह तुड़वाने की साजिश रचने और मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष के व्यवहार के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
महिला थाना नवगछिया पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













