



नवगछिया।
सबेबरात एवं माघी पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश के साथ अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, सभी अंचलों के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पर्व एवं मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक होते हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेला स्थलों, घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवांछित सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक में बताया गया कि माघी पूर्णिमा मेला को लेकर संयुक्त आदेश (ज्वाइंट ऑर्डर) जारी कर दिया गया है। मेला एवं घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि विधि-व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे पर्व एवं मेले के दौरान नियमों का पालन करें और शांति, सौहार्द एवं सहयोग के साथ आयोजन को सफल बनाएं।













