



भागलपुर जिले के पीरपैंती नगर पंचायत अंतर्गत सुंदरपुर स्थित इस्कॉन मंदिर से शनिवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा इस्कॉन मंदिर से आरंभ होकर सुंदरपुर, शेरमारी बाजार चौक सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में जाकर संपन्न हुई।
रथ यात्रा में भारी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए रथ के साथ पैदल चल रहे थे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में धार्मिक कथा और भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया।

धार्मिक मान्यता है कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है। वहीं कुछ स्थानों पर द्वितीया से दशमी तिथि तक रथ यात्राओं का आयोजन होता है। ऐसा माना जाता है कि जो भी भक्त भगवान के रथ का स्पर्श करता है या उसे खींचता है, उसके समस्त पाप स्वतः नष्ट हो जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
रथ यात्रा के दौरान ईश्वर नाथ प्रभु, शिवम प्रभु, मुरारी प्रभु, भगवान जगन्नाथ के भक्त मुरारी पासवान, सम्राट अशोक सहित हजारों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींची और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की थी। पीरपैंती थाना अध्यक्ष नीरज कुमार, एसआई प्रमोद कुमार सहित पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी पूरे मार्ग में मौजूद रहे और रथ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी भगवान जगन्नाथ के मंदिरों से रथ यात्राएं निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और नगर भ्रमण के उपरांत यात्रा का समापन संबंधित मंदिरों में किया गया। पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा और ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंजता रहा।













