5
(2)

पुलिस जांच में जुटी

नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मसुदनपुर बैसी गांव में हुए शैलेंद्र मंडल हत्याकांड मामले में गुरुवार को मृतक की बहू पूजा देवी के बयान पर रंगरा थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कांड दर्ज कर मामले के उद्भेदन के लिए जांच तेज कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है।

मालूम हो कि 4 नवंबर की देर रात गांव के ही निवासी 60 वर्षीय शैलेंद्र मंडल, पिता स्व. मंगल मंडल की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार (गरासा) से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के अगले सुबह ग्रामीणों ने शैलेंद्र मंडल का शव उनके घर की चारदीवारी के अंदर बासा पर बने बांस के मचान पर खून से लथपथ अवस्था में देखा। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने शैलेंद्र मंडल के गर्दन और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए थे। सिर के पीछे और चेहरे के दाहिने हिस्से पर गहरे घाव पाए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जख्मों को देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार स्थानीय घाट पर किया। नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। वहीं, एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शैलेंद्र मंडल दो वर्ष से अपने पुराने घर से थोड़ी दूरी पर बने नए बासा में रह रहे थे। घटना की रात वे करीब 9 बजे खाना खाने के बाद बासा पर सोने चले गए थे। सुबह उनका शव खून से सना पाया गया।

घटना के बाद से पूरे गांव में भय और सन्नाटा छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शैलेंद्र मंडल खेती-बारी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। साथ ही वे जरूरतमंद लोगों को ब्याज पर रुपए देकर मदद भी करते थे। बताया जा रहा है कि रूपए के लेनदेन को लेकर ही इस हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, सभी विवाहित हैं। बड़े पुत्र हुलास मंडल और छोटे पुत्र विलास मंडल पंजाब में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पुत्र गांव के लिए रवाना हो गए हैं। तीन वर्ष पूर्व मृतक की पत्नी पदमा देवी का निधन बीमारी के कारण हो गया था।

इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष पुअनि विश्वबंधु कुमार ने बताया कि मृतक की पतोहू पूजा देवी के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: