



भागलपुर : बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में 26 जुलाई को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें खुशबू कुमारी (28 वर्ष) की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। खुशबू कुमारी, जो अपने पति सोनू मिश्रा से अलग रह रही थीं, अपनी मां कनकलता देवी के साथ जीवन बिता रही थीं।

घटना के अनुसार, 26 जुलाई को खुशबू कुमारी जब टेंपो से उतर रही थीं, तो उनकी साड़ी वाहन के किसी हिस्से में फंस गई, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठीं और सिर के बल गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तत्काल कुर्मा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें भागलपुर के मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

खुशबू कुमारी की शादी लगभग सात साल पहले सोनू मिश्रा से हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद ही उनके पति ने उन्हें छोड़ दिया और फिर कभी संपर्क नहीं किया। मृतका की कोई संतान नहीं थी, और शादी के बाद से वह अपनी मां के साथ मिर्जापुर, बांका जिले के घरडाका गांव में रह रही थीं।
इस घटना से पूरे शंभूगंज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को उचित सहायता और न्याय दिलाने की अपील की है।













