


भागलपुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी-मौत से लड़ रहा किशोर
मां ने पुत्र की जान बचाने एवं ऊचित न्याय की लगाई गुहार
थाना में दिया आवेदन
भागलपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर एकनिया टोला में विगत 18 मई की रात्री करीब 8:30 बजे एक शादी समारोह में शराब के नशे में धुत डीजे लदा पिकअप संख्या बीआर 10 जीबी 5262 के चालक श्रवण कुमार पिता बासुदेव शर्मा ने लापरवाही के कारण 10 वर्षीय किशोर को कुचल दिया। हादसे में भ्रमरपुर निवासी नवीन पटेल का पुत्र नयन राज उम्र 10 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घरवालों ने ग्रामीणों के सहयोग से मरणासन्न स्थिति में किशोर को बिहपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भागलपुर रेफर कर दिया।

भागलपुर ग्लोकल अस्पताल में इलाजरत वह जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार 18 मई की रात्री भ्रमरपुर निवासी मुरारी मंडल की पुत्री की शादी में भ्रमरपुर के सुमन डीजे व श्रवण साउंड वाले को बुलाया गया था। शादी के रश्म में नयन राज भी गया था। बताया जा रहा है कि डीजे लदा पिकअप वाहन के चालक श्रवण कुमार ने शराब पी रखी थी। नशे की हालत में उसे पीछे खड़ा किशोर नजर नही आया और वाहन को पीछे करने के दौरान किशोर को कुचल दिया। मामले को लेकर घायल किशोर की मां ने भवानीपुर थाना में आवेंदन देकर पुत्र की जान बचाने एवं प्रशासन से ऊचित न्याय की गुहार लगाई है।

ग्लोकल अस्पताल भागलपुर में किशोर आईसीयू में है भर्ती
मां के पास इलाज कराने के नही है पैसे, इलाज में तीन लाख होगा खर्च
पिता बैंगलोर में करते हैं मजदूरी
बता दें कि घायल किशोर के पिता नवीन पटेल कर्नाटक में मजदूरी करते हैं। घर पर पत्नी अकेली चार बच्चे के साथ रहती हैं। मजदूरी की कमाई परिवार के भरण पोषण में खर्च हो जाता है। नवीन को बच्चे का इलाज कराने के पैसे नही है। बैंगलौर से नवीन ने पत्रकार को मोबाइल पर रोते हुए पुत्र की जान बचाने में मदद करने की गुहार लगाया। भागलपुर ग्लोकल के डॉक्टर ने बच्चे के इलाज में तीन लाख का खर्च बताया है। पीड़ित मां के पास अपने बच्चे का इलाज कराने के पैसे नही हैं। मां का रोरोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार सदमे में है। बच्चा भागलपुर ग्लोकल में आईसीयू में मौत से लड़ रहा है। पीड़ित मां ने रो-रोकर कहा, धक्का मारने वाले डीजे वाहन चालक या संचालक मेरे बच्चे का हाल जानने अस्पताल तक नही आया और न ही किसी प्रकार की मदद की। वही भवानीपुर थाना में दिए गए आवेंदन पर पुलिस ने किसी प्रकार की कार्यवाई या जांच नही की। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार से डीजे वाहन चालक या संचालक पर केस दर्ज कर कानूनी कार्यवाई करने की अपील किया है। भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि महेश कुमार ने बताया कि आवेंदन प्राप्त हुआ है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांचोपरांत केस दर्ज कर कानूनी कार्यवाई की जाएगी।
