



भागलपुर। सुल्तानगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में आपदा मित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान जन संसद के संरक्षक अजीत कुमार ने धरने को समर्थन देते हुए उनकी मांगों को उचित बताया और अंचल पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा।
धरना में शामिल आपदा मित्रों और अजीत कुमार ने बताया कि सुल्तानगंज प्रखंड में कुल 48 आपदा मित्र कार्यरत हैं, लेकिन श्रावणी मेला जैसे महत्वपूर्ण पर्व में सिर्फ पांच आपदा मित्रों को ही बार-बार ड्यूटी पर लगाया जाता है। साथ ही जिन लोगों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।

धरना के दौरान आपदा मित्रों ने यह भी मांग रखी कि ड्यूटी का अवसर सभी को समान रूप से दिया जाए और बकाया वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने अंचल पदाधिकारी रवि कुमार को ज्ञापन सौंपा।
इस पर अंचल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि सभी आपदा मित्रों को एक साथ ड्यूटी देना संभव नहीं है, लेकिन जरूरत के अनुसार और उपलब्धता के आधार पर ड्यूटी देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जिन आपदा मित्रों को वेतन नहीं मिला है, उन्हें शीघ्र भुगतान किया जाएगा।
धरना में आपदा मित्र पिटु कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।













