



भागलपुर। सड़क हादसे में घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मोजमपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय कुंदन कुमार के रूप में की गई है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन कुमार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज अस्पताल) में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के ममेरे भाई आत्माराम ने बताया कि कुंदन रोज की तरह सुबह घर से शौच के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
वहीं, पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक की पहचान की जा रही है और चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
















