5
(1)

भागलपुर: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और फोटो की पुष्टि जीएस न्यूज़ अखबार द्वारा नहीं की जाती है। यह सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों एवं आसपास मौजूद लोगों के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान यह घटना सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला भागलपुर जंक्शन के पार्सल भवन के बाहर स्थित शिव शक्ति मंदिर परिसर से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो देर रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में भोजपुरी गानों पर एक महिला डांसर प्रस्तुति देती नजर आ रही है। इसी दौरान जीआरपी का एक कांस्टेबल मंच के सामने पहुंचकर डांसर के साथ ठुमके लगाते हुए दिखाई देता है। वीडियो में वह अपने पर्स से रुपए निकालकर डांसर पर उड़ाते हुए भी नजर आ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम का आनंद लेते दिखाई दिए। आसपास के लोगों के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां हर वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहा है, जबकि इस बार आयोजन जीआरपी पुलिस की ओर से कराए जाने की चर्चा हो रही है। कार्यक्रम मंदिर परिसर के बाहर आयोजित बताया जा रहा है, जहां श्रद्धालु और आम लोग भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा धार्मिक स्थलों के आसपास डीजे और अश्लील गानों को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि अश्लील गीत बजाने पर डीजे जब्त किए जाएंगे तथा आयोजकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की नजर प्रशासनिक और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है। मामले में आधिकारिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: