



भागलपुर के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी ट्रेन (13235/13236) के ठहराव को लेकर आयोजित कार्यक्रम उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब स्थानीय सांसद अजय कुमार मंडल और गोड्डा सांसद के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते नोकझोंक और हंगामे में बदल गई।

रेलवे प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद अजय कुमार मंडल अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। मंच से गोड्डा सांसद का नाम लिए जाने पर स्थानीय सांसद के समर्थकों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह कार्यक्रम क्षेत्रीय सांसद के प्रयासों से जुड़ा है, ऐसे में किसी “बाहरी सांसद” का नाम लेना उचित नहीं है।
इसी बात को लेकर दोनों सांसदों के समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह हालात पर काबू पाया गया।

घटना के बाद सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन ठहराव जैसे विकासात्मक मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए, न कि आपसी मतभेदों को सार्वजनिक मंच पर लाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी और विरोध से एनडीए कार्यकर्ताओं के बीच गलत भावनाएं पैदा होती हैं, जिसका नुकसान संगठन को उठाना पड़ सकता है।

कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, शिव कुमार प्रसाद, पूर्व मुखिया जैनेन्द्र कुमार, इंजीनियर अमन कुमार, भाजपा नेता अशोक गुप्ता सहित रेल संघर्ष समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।














