



भागलपुर, सुल्तानगंज: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के सातवें दिन अजगैबीनाथ धाम में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, नेपाल सहित अन्य राज्यों और देशों से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचे। यहां उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर श्रद्धालुओं ने गंगा जल भरा और स्थानीय पंडितों से संकल्प कराते हुए “बोल बम”, “हर हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए यात्रा पर निकल पड़े।

श्रद्धालु 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर ज्योतिर्लिंग पर गंगाजल अर्पित करेंगे। पूरा वातावरण शिवमय हो गया है और भक्तों की गूंज से सुल्तानगंज क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है।

कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर परिषद की ओर से गंगा घाट सहित पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालु आदित्य रैढा और रोशन रैढा, जो दुर्गापुर से आए हैं, ने बताया कि यहां का वातावरण बेहद पावन और उत्साहवर्धक है। वे हर साल बाबा की पूजा के लिए आते हैं और इस बार की यात्रा उन्हें विशेष रूप से दिव्य लग रही है।













