


नवगछिया : श्री रामचरितमानस नवाह पारायण यज्ञ समिति द्वारा आयोजित 51वें वार्षिक महोत्सव के पूर्व बुधवार को नवगछिया में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच घाट ठाकुरवाड़ी से प्रारंभ होकर हड़िया पट्टी, मेन रोड एवं गरीबदास ठाकुरबाड़ी रोड होते हुए पुनः घाट ठाकुरवाड़ी पहुंची।
शोभायात्रा के समापन पर रामभक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान महाकाल सेवा समिति एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए नींबू पानी, शरबत एवं जूस की व्यवस्था की गई। साथ ही भक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
समिति द्वारा जानकारी दी गई कि श्री रामचरितमानस नवाह पारायण यज्ञ एवं श्री राम कथा का 51वां आयोजन 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक घाट ठाकुरवाड़ी, नवगछिया में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पिछले 50 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जो क्षेत्र की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक 25 विद्वानों द्वारा संगीतमय नवाह पारायण किया जाएगा। वहीं संध्या 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रयागराज से पधारे स्वामी विनोदानंद सरस्वती जी महाराज एवं अन्य विद्वानों द्वारा संगीतमय राम कथा का आयोजन होगा।
शोभायात्रा में शिब जयसवाल, बनवारी पंसारी, अरुण यादुका, संतोष भगत, संतोष यादुका, अनिल भगत, विशाल चिरानिया, नरसिंह चिरानिया, किशन याहुका, प्रवीण भगत, अजय भगत, विनीत खेमका, कंचन खेमका, अशोक केडिया, आनंद केडिया, पप्पू केडिया, शंकर चिरानिया, श्रवण केडिया, कन्हैया केडिया, आयुष खेमका, कैलाश अग्रवाल, अनिल चिरानिया सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं रामभक्त शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र राममय वातावरण में डूबा नजर आया और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।















