



भागलपुर के मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर पानी टंकी के समीप चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में पूर्व पार्षद सदानंद मोदी के पुत्र साहिल पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घायल साहिल का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की देर रात साहिल का पास में रहने वाले विजय और नितेश के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद साहिल सिकंदरपुर पानी टंकी के पास एक दुकान के समीप खड़ा था। इसी दौरान विजय और नितेश अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के समय मुजाहिदपुर थाना के इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार गश्ती पर थे। सूचना मिलते ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल साहिल को स्वयं थाना की गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।















