



भागलपुर। बिहार के लगभग सभी जिलों में शीतलहर को लेकर अगले 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर सिल्क सिटी भागलपुर में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। देर रात से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तेज ठंडी पछुआ हवा के साथ घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और देर शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखी जा रही है, वहीं लोग जरूरी कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

शीतलहर और कनकनी के कारण रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मजदूर, ठेला-रिक्शा चालक और सुबह-सुबह काम पर जाने वाले लोग ठंड से अधिक प्रभावित नजर आ रहे हैं। ठंड के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चहल-पहल कम हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, अलाव का सहारा लेने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। शीतलहर को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में है।













