0
(0)

भागलपुर : दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए मुंगेर जिले के असरगंज गांव निवासी सन्नी कुमार ने स्केटिंग करते हुए बाबा केदारनाथ धाम तक पहुंचने का संकल्प लिया है। अपने इस अनोखे और साहसिक सफर की शुरुआत उन्होंने रविवार को भागलपुर के साहेबगंज स्थित भूतनाथ मंदिर से की। सन्नी का लक्ष्य है कि वह लगभग 90 दिनों में स्केटिंग करते हुए केदारनाथ धाम तक पहुंचेंगे।

बताया जाता है कि सन्नी कुमार वर्तमान में भागलपुर के साहेबगंज इलाके में एक लॉज में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में नियमित रूप से स्केटिंग का अभ्यास भी करते हैं। सन्नी ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में यह सपना था कि वे स्केटिंग करते हुए बाबा केदारनाथ के दर्शन करने जाएं। इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत और अभ्यास किया।

उन्होंने बताया कि अपने गांव असरगंज से भागलपुर आकर उन्होंने किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ स्केटिंग का अभ्यास शुरू किया। करीब एक वर्ष तक लगातार प्रशिक्षण लेने के बाद अब उन्होंने अपने इस सपने को साकार करने की दिशा में पहला कदम बढ़ा दिया है।

सन्नी ने बताया कि अपनी यात्रा के पहले दिन वे सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में विश्राम करेंगे। इसके बाद वहां से आगे की यात्रा जारी रखते हुए वे धीरे-धीरे स्केटिंग के माध्यम से केदारनाथ धाम की ओर बढ़ेंगे।

सन्नी के ट्रेनर और कोच सोनू कुमार ने बताया कि सैंडिस कंपाउंड परिसर में उनकी स्केटिंग एकेडमी संचालित होती है, जहां करीब 50 से अधिक बच्चे स्केटिंग की ट्रेनिंग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से सन्नी ने स्केटिंग शुरू की है, तब से ही उसकी लगन और जुनून देखने लायक रहा है। सन्नी ने कठिन अभ्यास और धैर्य के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

कोच सोनू कुमार ने कहा कि सन्नी का यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सन्नी अपने इस साहसिक सफर को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे और अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचेंगे।

सन्नी की इस अनोखी यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों ने सन्नी के इस साहसिक कदम की सराहना करते हुए उनके सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: