



नवगछिया ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर निजी तस्वीरें अपलोड कर बदनाम किए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अज्ञात लोगों पर मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा अक्टूबर माह से फेसबुक पर सागर कुमार और अवनी आर्या के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उनकी निजी तस्वीरें भेजी जा रही हैं। आरोप है कि इन तस्वीरों के माध्यम से उन्हें लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है तथा सोशल मीडिया पर निजी एवं आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही है।

पीड़िता ने आशंका जताई है कि संभवतः किसी ने उनका मोबाइल हैक कर लिया है, जिसके कारण उनके निजी फोटो आरोपितों के पास पहुंच गए हैं। आरोप है कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए जाने से गांव-समाज में उनकी छवि धूमिल हो रही है, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान और हताश हैं।

पीड़िता ने अपने आवेदन में कहा है कि सोशल मीडिया पर निजी फोटो अपलोड कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है, जो न केवल उनकी निजता का उल्लंघन है बल्कि साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने साइबर थाना से पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।















