


बिहपुर विधायक और अधिकारी पहुंचे घटनास्थल, मुआवजे की दी गई आश्वासन
नवगछिया : झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वा पश्चिम पंचायत के सोहड़ी गांव के वार्ड संख्या दो में शुक्रवार की दोपहर लगभग एक बजे अचानक लगी आग ने तबाही मचा दी। फूस, खपरैल और चदरा से बने करीब एक दर्जन घर कुछ ही घंटों में जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घर छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार, बिहपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, अंचलाधिकारी लवकुश कुमार सहित नवगछिया और बिहपुर से दमकल की छोटी-बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक आधा दर्जन से अधिक किसान परिवारों के घर जल चुके थे।
आग लगने के कारण का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। कुछ लोग जहां खाना बनाते समय चूल्हे से आग लगने की बात कह रहे हैं, वहीं कुछ लोग बिजली के शॉर्ट सर्किट को कारण मान रहे हैं।

अग्निकांड में कपिलदेव यादव, रुपेश यादव, मुकेश यादव, बिट्टू कुमार, राजो यादव, बबलू यादव, बाबूलाल यादव, नितेश यादव, भोला यादव सहित कुल 11 किसानों के घर जलकर राख हो गए। घर में रखा अनाज, बर्तन, फर्नीचर, कपड़े और नकदी सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। राजो यादव के पुत्र नितेश कुमार की किस्त पर खरीदी गई बाइक भी जल गई। कुल मिलाकर करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है।
गांव वालों की सूझबूझ से एक फूस का घर तोड़ दिया गया, जिससे आग अन्य घरों तक नहीं फैल पाई। वरना यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर विधायक ई. कुमार शैलेंद्र, पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि गोपाल चौधरी और पंसस बिमल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मिलकर ढांढस बंधाया और आग बुझाने के कार्य में भी ग्रामीणों की मदद की।
बिहपुर अंचलाधिकारी लवकुश कुमार ने बताया कि सभी अग्निपीड़ितों को प्रक्रिया के तहत शीघ्र ही मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
