5
(1)

भागलपुर : एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त आयोजन से बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना, पटना में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का शुभंकर आज जारी किया गया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भारत में पहली बार आयोजित की जा रही है।

पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुभंकर का अनावरण करते हुए भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने बताया कि इस चैंपियनशिप में श्रीलंका, भूटान, नेपाल तथा मेजबान भारत की पुरुष एवं महिला टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भारतीय बॉल बैडमिंटन के लिए गौरव का विषय है, बल्कि दक्षिण एशियाई देशों के बीच खेल भावना और आपसी सहयोग को भी सुदृढ़ करेगा।

प्रो. यादव ने बताया कि “खेलेंगे, जीतेंगे, चमक बिखेरेंगे खिलाड़ी” की थीम पर आधारित इस चैंपियनशिप को पूरी तरह सफल और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष सह प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं संघ के निदेशक सह समाजसेवी पवन कुमार केजरीवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि चैंपियनशिप को जन-जन तक पहुंचाने और इसे लोकप्रिय बनाने के लिए पटना के प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग और पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही, सभी भाग लेने वाली टीमों के लिए पटना में भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।

इस अवसर पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, राकेश रंजन सहित संघ के सदस्य शिव नारायण पाल, अलाउद्दीन अंसारी, संजीव पोद्दार, श्रीमोद पाठक, संगीता विद्यार्थी, नेहा रानी, बादल कुमार, अभिजीत राज, चंद्रकांत मिश्रा, सईद अहमद, राजेश राय, स्वीटी, किरण तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: