


नवगछिया की बेटी प्रज्ञा भारती ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पटना में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम की सदस्य रहकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
इस उपलब्धि पर भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने प्रज्ञा भारती से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रज्ञा को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि नवगछिया के ग्रामीण क्षेत्र की बेटी का बॉल बैडमिंटन जैसे खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना पूरे क्षेत्र और समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रज्ञा भारती को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके उदाहरण से युवा खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल करने में प्रोत्साहित होंगे।
सम्मान समारोह में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर, जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया, भाजपा नेता अवधेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने प्रज्ञा भारती की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रज्ञा भारती की यह उपलब्धि न केवल नवगछिया, बल्कि पूरे बिहार के खेल जगत के लिए गर्व का विषय बनी हुई है, और उनके संघर्ष व समर्पण की कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।












