



भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 के अवसर पर भागलपुर जिले के सुलतानगंज से धांधी बेलारी तक लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), भागलपुर पश्चिम द्वारा श्रद्धालुओं और कांवरियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। विभाग की ओर से विभिन्न स्थलों पर नि:शुल्क सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि कांवरियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पीएचईडी द्वारा श्रद्धालुओं को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कुल 22 यूवी फिल्टर के माध्यम से फिल्टर्ड एवं ठंडा पानी मुहैया कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त दो वाटर एटीएम और 10 पानी के टैंकर की भी तैनाती की गई है, जो मेला क्षेत्र में निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित कर रहे हैं।

मेला क्षेत्र में कुल 287 स्थलों पर चापाकल लगाए गए हैं। इन चापाकलों की मरम्मत और देखरेख के लिए तीन मोबाइल मरम्मती दल लगातार भ्रमणशील रहकर कार्य कर रहे हैं, ताकि कोई भी चापाकल खराब न रहे और श्रद्धालुओं को निरंतर पानी मिलता रहे।
कांवरियों के लिए दो स्थानों पर स्नान हेतु ओवरहेड झरने की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पांच स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाए गए हैं, जहां वे सुरक्षित तरीके से वस्त्र बदल सकें।
साफ-सफाई की व्यवस्था के अंतर्गत 713 महिला एवं पुरुष शौचालय तथा 20 यूरीनल की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों के लिए एक अलग शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।
उक्त सभी सेवाएं पीएचईडी द्वारा नि:शुल्क रूप से संचालित की जा रही हैं। यदि किसी श्रद्धालु को मेला क्षेत्र में पीएचईडी से संबंधित किसी सेवा के बारे में जानकारी लेनी हो या शिकायत दर्ज करानी हो, तो वह विभाग के हेल्पलाइन सह मेला नियंत्रण कक्ष नंबर 8789390830 पर संपर्क कर सकता है।
इसके अतिरिक्त विशेष परिस्थिति में निम्नलिखित अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है:
- कनीय अभियंता: 8825192552, 9470035781, 7488020028
- सहायक अभियंता: 7319833387, 9155547292
- कार्यपालक अभियंता: 8544428586
पीएचईडी का उद्देश्य है कि कांवर यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके, जिससे श्रद्धालु निर्बाध भाव से अपने धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।













