



भागलपुर: सुल्तानगंज में सावन के माहौल में भक्तों का उत्साह चरम पर है। रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश और शनिवार रात मूसलधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों कांवरियों ने सुल्तानगंज स्थित अजगैबी नाथ धाम के उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। डुबकी लगाने के बाद कांवरियों ने स्थानीय पंडितों से संकल्प करवा कर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा शुरू की।

गंगा तट पर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। डाक बमों का जत्था भी पूरी श्रद्धा और ऊर्जा के साथ रातभर गंगा जल लेकर देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। कांवरियों का रैला लगातार कांवरिया पथ से गुजर रहा है, जिसमें कई श्रद्धालु वाहन से तो कई पैदल यात्रा कर रहे हैं।

श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अजगैबीनाथ मंदिर परिसर, गंगा घाट और कांवरिया पथ पर पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी तैनात हैं। नगर परिषद सुल्तानगंज की ओर से घाट से लेकर शहर तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। प्रशासनिक तैयारियों के बीच कांवरियों का उत्साह कम नहीं हुआ।
शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार दोपहर तक जारी रही, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह बिल्कुल भी कम नहीं हुआ। पिछले 24 घंटे में अजगैबीनाथ धाम से तीन लाख श्रद्धालुओं ने जल भरा और देवघर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सीसीटीवी से श्रद्धालुओं की निगरानी की जा रही थी।














