



भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना परिसर में पहली बार लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने की। जनसंवाद के दौरान एसएसपी ने आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसंवाद कार्यक्रम में डीएसपी नवनीत कुमार, अंचल निरीक्षक अर्जुन प्रसाद, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। जनता दरबार में जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, मुखिया तथा विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। सभी ने सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को एसएसपी के समक्ष रखा।
जनसंवाद के दौरान सुल्तानगंज शहर में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा शहर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या, सड़क पर वाहन चेकिंग अभियान की स्थिति, जमीन विवाद, ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

लोगों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नगर परिषद द्वारा अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की। वहीं गंगा घाटों पर साल भर एनडीआरएफ की टीम की तैनाती, कोचिंग संस्थानों और स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी हृदयकांत ने सभी की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस-प्रशासन जनसहयोग से ही बेहतर कानून-व्यवस्था कायम कर सकता है। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसंवाद में उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर लोगों में संतोष और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।













