



नवगछिया पुलिस जिला बाल बैडमिंटन संघ ने राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी को ज्ञापन सौंपकर खिलाड़ियों की नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण मांग रखी। यह अवसर शनिवार को बिहपुर में आयोजित जनसभा के दौरान मिला, जहां संघ के जिला सचिव सह राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान बिहपुर विधानसभा के विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भी पूरी समस्या से डिप्टी सीएम और मंत्री को अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ पोस्टल द्वारा स्पोर्ट्स कोटा विज्ञापन संख्या डब्ल्यू-17/55/2022 एसपीएन-1/08 नवंबर 2023 के तहत बिहार और झारखंड क्षेत्र के लिए विभिन्न पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया था।
इसी विज्ञापन के आलोक में बिहपुर क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय बाल बैडमिंटन खिलाड़ी राहुल कुमार और अंकित कुमार शर्मा ने आवेदन किया था। दोनों खिलाड़ियों का नाम मेधा सूची में शामिल किया गया और चयन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। इसके बावजूद इन दोनों की नियुक्ति प्रक्रिया अब तक लंबित है, जबकि अन्य कई राज्यों में चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिया गया है।


संघ ने आग्रह किया कि राज्य सरकार इस दिशा में पहल करते हुए स्पोर्ट्स कोटा के तहत नियमानुकूल खिलाड़ियों को शीघ्र नियुक्ति पत्र मुहैया कराए। संघ का कहना है कि खिलाड़ियों की उपेक्षा से खेल जगत में हतोत्साह का वातावरण बन रहा है।













