



भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत ईशीपुर थाना क्षेत्र के सगुनी गांव में सोमवार को हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) से एक सुरक्षा जवान की मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस के हवलदार रामनारायण बघेल (बैच नंबर 1167) के रूप में हुई है। वे छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामन थाना क्षेत्र स्थित मूडखुसरा गांव के निवासी थे और भाजपा नेता अभिलाष तिवारी के पीएसओ (सुरक्षा अधिकारी) के रूप में तैनात थे।

भाजपा के दंतेवाड़ा और विजयपुर जिला प्रभारी तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभिलाष तिवारी एक्स श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त नेता हैं। सोमवार की सुबह वे अपने पैतृक गांव सगुनी पहुंचे थे। उनके साथ सुरक्षा में तीन जवान भी मौजूद थे। सुबह नित्यक्रिया के बाद हवलदार रामनारायण बघेल ने अन्य दो जवानों के साथ आम खाया और फिर बैठक में शामिल हुए। इसी दौरान उन्हें सीने में अचानक तेज दर्द हुआ।
हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता, पीरपैंती थानाध्यक्ष नीरज कुमार, ईशीपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और ब्रजेश सिंह अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा गया।
भाजपा नेता अभिलाष तिवारी ने बताया कि हवलदार रामनारायण बघेल डेढ़ वर्ष से उनकी सुरक्षा में तैनात थे। साथ में मौजूद अन्य सुरक्षा गार्ड मुनेश कुमार और मंजेश पासवान ने भी पूरी जानकारी दी। जवान की आकस्मिक मृत्यु से पुलिस बल और भाजपा खेमे में शोक की लहर है।
















