5
(1)

नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय पोखरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर के तत्वावधान में सोमवार को “स्वच्छ अस्पताल एवं स्वच्छ विद्यालय” विषय पर विशेष जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य केंद्र के प्रतिनिधियों और विद्यालय के शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद निबंध, स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी पेंटिंग और स्लोगन के माध्यम से साफ-सफाई के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर अपने विचार रखते हुए बताया कि स्वच्छ वातावरण में ही स्वस्थ जीवन संभव है।

प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद निर्णायक मंडल ने परिणाम की घोषणा की और सफल विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। बच्चों को पुरस्कार देकर उनके उत्साहवर्धन के साथ ही उन्हें भविष्य में भी स्वच्छता अभियान का संदेश समाज तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय ने कहा कि स्वच्छ अस्पताल और स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ समाज की नींव हैं। यदि विद्यालय और अस्पताल स्वच्छ रहेंगे तो बच्चों और मरीजों को संक्रमण से काफी हद तक बचाया जा सकता है। बीसीएम सूरज कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बचपन से ही स्वच्छता का संस्कार देना जरूरी है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक भी मौजूद थे। शिक्षकों ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि केवल विद्यालय ही नहीं बल्कि घर और आसपास का वातावरण भी साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है।

जनजागरूकता अभियान के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। बच्चों और अभिभावकों ने इसे सार्थक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए ताकि स्वच्छ भारत मिशन को गति मिल सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: