0
(0)

भागलपुर । जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा जिले में स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक व्यापक जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत लेगेसी वेस्ट के निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इस क्रम में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) के निदेशक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त एवं जिलाधिकारी, भागलपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मुख्य अतिथि एलबीएसएनएए के निदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समग्र प्रशासनिक एवं सामाजिक दायित्व है।

उन्होंने लेगेसी साइट्स की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जलस्रोतों के संरक्षण को सतत विकास के लिए आवश्यक बताया तथा भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब सभी स्तरों पर अनुशासन, समन्वय और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिवेश न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि इससे जिले की समग्र छवि और जीवन गुणवत्ता में भी सुधार होता है। जिलाधिकारी, भागलपुर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों, झीलों, संपर्क पथों, सार्वजनिक स्थलों एवं लेगेसी साइट्स की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी, भागलपुर के निर्देशानुसार इस जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान का नेतृत्व उप विकास आयुक्त, भागलपुर द्वारा किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों की लेगेसी साइट्स को चिह्नित कर उनकी साफ-सफाई कराई जा रही है, साथ ही गांवों की सड़कों, तालाबों, झीलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों हेतु उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों, फील्ड स्तर पर क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा जवाबदेही से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में स्वच्छता गतिविधियों की नियमित समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि लेगेसी वेस्ट का निस्तारण, जलस्रोतों की सफाई तथा ग्रामीण अधोसंरचना की स्वच्छता कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हों। जिला स्तरीय यह स्वच्छता अभियान भागलपुर जिले में स्वच्छता को एक जनआंदोलन के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ जनसहभागिता को भी प्रोत्साहित कर जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित बनाया जाए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: