



भागलपुर: राज्य स्तरीय स्वच्छता रैंकिंग में भागलपुर नगर निगम ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को लेकर गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने एक प्रेस वार्ता की और इसे शहर के लिए गर्व का विषय बताया।

महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि अब तक भागलपुर की रैंकिंग अपेक्षाकृत काफी नीचे रही थी, लेकिन नगर निगम की टीम, सफाईकर्मियों की मेहनत और आम जनता के सहयोग से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रैंक नहीं बल्कि स्वच्छ और सुंदर भागलपुर के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

महापौर ने यह भी कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य राज्य में पहला स्थान हासिल करना है। इसके लिए नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बनी रहे।
डॉ. वसुंधरा लाल ने अंत में सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में निरंतर सहयोग करें, जिससे भागलपुर न सिर्फ राज्य में, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक आदर्श और स्वच्छ शहर के रूप में पहचाना जा सके।













