



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र भागलपुर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वीप कोर कमिटी के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने की।
बैठक में जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए कई नवाचारी गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि जिला स्तर पर नैतिक मतदान हेतु शपथ ग्रहण, साइकिल रैली, जागरूकता पदयात्रा, रंगोली प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, सेल्फी प्वाइंट और बैंड पार्टी जुलूस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रखंड स्तर एवं मतदान केंद्रों पर रंगोली सजाने, मतदाता जागरूकता चौपाल लगाने, घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाने, प्रभात फेरी, साइकिल रैली और मशाल जुलूस जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर निगम के वाहनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता से जुड़े जिंगल्स प्रसारित किए जाएंगे ताकि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके। वहीं, स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में लगे एलईडी स्क्रीन पर भी मतदाता जागरूकता संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।
इसके अलावा, टाउन हॉल में एक बड़े पैमाने पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में स्वीप नोडल पदाधिकारी सह डायरेक्टर एनईपी को विस्तृत योजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, स्वीप के मॉडल पदाधिकारी डायरेक्टर एनईपी, जीएम डीआईसी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि लाना था।
















