


नवगछिया: गंगा नदी के बढ़ते कटाव से तटवर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से इस्माइलपुर बिंदटोली तटबंध पर कटाव निरोधी कार्य अब तेज गति से कराया जा रहा है। शनिवार को जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर अनवर जमील एवं एग्जीक्यूटिव अभियंता गौतम कुमार ने मछली हाट के समीप चल रहे निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा निर्माण की गति की गहन समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष स्पर संख्या 7 से 9 तक सीट पाइलिंग तकनीक के माध्यम से कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में पोकलेन मशीन की सहायता से तटबंध के किनारे साइड तैयार करने हेतु मिट्टी कटिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।
चीफ इंजीनियर ने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि 15 मई तक हर हाल में कार्य पूर्ण किया जाए तथा निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि मानसून से पहले तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हो सके।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीण सह हाईकोर्ट अधिवक्ता मुकेश कुमार ने गंगा के अपोजिट साइड में सोल कटिंग एवं बांस बंडालिंग कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि इससे कटाव की समस्या पर दीर्घकालिक नियंत्रण संभव हो सकेगा। इस पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गंगा का जलस्तर कम होते ही सोल कटिंग का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे, ताकि तटबंध से सटे गांवों को संभावित बाढ़ और कटाव के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।












