



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र भागलपुर जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों के व्यय लेखा पंजी की जांच की प्रक्रिया तय कर दी गई है। इसके लिए व्यय प्रेक्षक द्वारा तीन तिथियां निर्धारित की गई हैं।

जांच 31 अक्टूबर, 4 नवंबर एवं 8 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक व्यय अनुश्रवण कोषांग, वाणिज्य कर कार्यालय, भागलपुर में आयोजित की जाएगी।
निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों के लिए जांच स्थल इस प्रकार हैं —

- 152- बिहपुर एवं 153- गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की व्यय पंजी जांच व्यय अनुश्रवण कार्यालय के भूतल पर होगी।
- 154- पीरपैंती (अजा), 155- कहलगांव और 157- सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की जांच प्रमंडलीय सभा कक्ष, प्रथम तल पर की जाएगी।
- 156- भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की व्यय पंजी जांच अपीलीय कार्यालय कक्ष, अभ्यर्थी व्यय कोषांग भागलपुर में होगी।
- 158- नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों की जांच अंकेक्षण कार्यालय कक्ष, अभ्यर्थी व्यय कोषांग भागलपुर में की जाएगी।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि को स्वयं अथवा अपने निर्वाचन अभिकर्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपने व्यय लेखा की जांच करवाएं।
















