0
(0)

भागलपुर। कहलगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक के बिजली पोल से टकराने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कहलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला स्कूल के पास की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से जा रही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठे युवक आयुष कुमार करीब 20 फीट हवा में उछलकर सीधे पोल से टकराया और फिर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक प्रेम कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल, कहलगांव लाया गया। वहां इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अभिषेक ने बताया कि पीछे बैठे आयुष कुमार के शरीर में कोई मूवमेंट नहीं था, जबकि बाइक चला रहे प्रेम कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। इसके बाद घायल प्रेम कुमार को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान कहलगांव पठनपुरा वार्ड संख्या-1 निवासी प्रकाश चौधरी के पुत्र आयुष कुमार (18 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक की पहचान प्रेम कुमार (24 वर्ष) के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाजार में फल की दुकान चलाते थे और दिनभर बाजार में काम करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक द्वारा शरीर में किसी प्रकार की हलचल नहीं होने और मायागंज अस्पताल ले जाकर मृत्यु की पुष्टि कराने की सलाह दिए जाने के बाद परिजन पहले शव को घर ले गए। बाद में परिजनों और अन्य सदस्यों के आग्रह पर दोबारा शव को अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. अभिषेक ने मायागंज अस्पताल ले जाकर औपचारिक पुष्टि कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन सरकारी एंबुलेंस से आयुष कुमार के शव को मायागंज अस्पताल लेकर गए।

इधर, मामले को लेकर कहलगांव थाना अध्यक्ष श्यामल कुमार ने बताया कि हादसे में घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। मां अपने बेटे के शव के पास बैठकर छाती पीट-पीट कर रो रही है, जिससे पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: