



नवगछिया के तेतरी में हनुमान मंदिर के समीप घटी घटना
नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जीरोमाइल चौक से पूरब बजरंबली मंदिर के सामने शुक्रवार की संध्या करीब 6:15 बजे सड़क पार कर रहे एक वृद्ध को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी वार्ड संख्या-11 निवासी 85 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक सरयुग प्रसाद राय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची। उसी दौरान नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार भी उधर से गुजर रही थीं। घटनास्थल पर भीड़ देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया और घायल वृद्ध शिक्षक को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर भेजवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरयुग प्रसाद राय रोज की तरह संध्या में टहलने निकले थे। तेतरी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे लहूलुहान होकर मूर्छित अवस्था में सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और इसी बीच परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर कुमार ने बताया कि दुर्घटना में सेवानिवृत्त शिक्षक घायल हुए हैं, जिन्हें भागलपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जप्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।













