0
(0)

नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरबास, कर्पूरी बांध के समीप सोमवार की रात करीब 8:50 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशाहा ग्राम निवासी धीरज कुमार (उम्र 26 वर्ष), पिता जवाहर शर्मा के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धीरज कुमार अपनी स्पलेंडर बाइक से किसी कार्य से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मृतक के चचेरे भाई श्याम कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि धीरज अत्यंत सामान्य तरीके से बाइक से घर लौट रहा था, लेकिन तेज रफ्तार ही हादसे का कारण बन गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने-बिलखने लगे और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

बताया गया कि मृतक धीरज कुमार चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। वह पूर्व में परदेस में रहकर मजदूरी करता था और कुछ महीनों से घर लौटकर खेती-बाड़ी का कार्य कर रहा था। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० शंभु कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: