



नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में 07 जुलाई 2025 की रात करीब 8 बजे बजरंगबली मंदिर के पीछे स्थित आम के बगीचे में सारजन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक के पिता सुभाष राय के आवेदन के आधार पर नवगछिया थाना कांड संख्या 214/25, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया।

घटना के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूत्रों के आधार पर महज कुछ ही घंटों में दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी थी।
इसी क्रम में गुरुवार को इस कांड में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाल अपचारी को कानूनी प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
नवगछिया पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा और कांड का पूरी तरह से उद्भेदन किया जाएगा।













