



नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव निवासी गौतम कुमार पिता – नरेन्द्र सिंह ने लिखित आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 03 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 9 बजे जब वह अपने ग्रामीण मार्ग से घर लौट रहे थे, तभी तेतरी दुर्गा स्थान चौक के पास हिमांशु राय, सुधांशु राय (दोनों पिता – स्व. सुभाष राय), मिथिलेश मंडल (पिता – रमेश मंडल), शोले चौधरी (पिता – स्व. राम चौधरी), मोहन राय (पिता – स्व. नारायण राय), राजकुमार सिंह (पिता – पंचानंद सिंह) सहित करीब दस अज्ञात लोगों ने उन्हें, उनके भाई संजीव कुमार सिंह, सिकंदर शमी और मित्र विमल कुमार सिंह को चारों ओर से घेर लिया।
गौतम ने बताया कि सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विमल कुमार सिंह के हाथ से लाइसेंसी राइफल छीनने की कोशिश की गई। जब उन्होंने विरोध किया तो हिमांशु और सुधांशु ने उनके गले में गमछा लपेटकर गला घोंटने का प्रयास किया। इसी दौरान मिथिलेश मंडल और राजकुमार सिंह ने उनका हाथ पीछे से पकड़ लिया।

हमले के बीच शोले चौधरी ने गौतम की जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें लगभग 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेज थे। गौतम के अनुसार, घटना के बाद सुधांशु राय ने धमकी दी कि एक सप्ताह के भीतर 10 लाख रुपये नहीं दिए तो उन्हें मारकर लाश गायब कर दी जाएगी।
गौतम कुमार ने अपने आवेदन में कहा है कि इस हमले में उनके भाई और मित्र को भी चोटें आईं। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, लूटे गए रुपये और दस्तावेजों की बरामदगी तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है।















