



बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले अंतर्गत साहेबपुर कमाल थाना परिसर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक थानाध्यक्ष के कार्यालय में घुस गया और उनकी कुर्सी पर बैठकर रील बना डाली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में युवक थाने के भीतर थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा हुआ नजर आ रहा है। वह पैर को मेज पर रखकर आराम से बैठा है और भोजपुरी गाने पर पूरे ऑफिस में घूम-घूमकर रील बना रहा है। युवक ने सिर पर गमछा बांध रखा था और उसके हावभाव बेहद बेपरवाह दिख रहे थे।
जानकारी के अनुसार, उक्त युवक चौकी गांव निवासी अरविंद कुमार महतो का पुत्र अभिषेक कुमार है, जो अक्सर थाने आता-जाता रहता था और उसे कोई नहीं रोकता था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और देर रात अभिषेक को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अन्य दो युवकों में एक अभिषेक कुमार खगड़िया जिले का निवासी है, जबकि तीसरे युवक का नाम दुर्गेश कुमार बताया गया है। पुलिस ने अभिषेक कुमार के पास से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किया है।
इस संबंध में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना न केवल थाना परिसर की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंताजनक संकेत देती है। एक युवक का थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर रील बनाना और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना, पुलिस प्रशासन की गंभीर चूक को उजागर करता है।













