



भागलपुर शहर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित जेल रोड पर एसबीआई बैंक के सामने सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मायागंज कुप्पाघाट थाना क्षेत्र के बरारी निवासी रामसरण यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रामसरण यादव अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर तिलकामांझी इलाके में खरीदारी करने निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्टार बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। उधर रामसरण यादव की असमय मौत से उनके परिवार और मोहल्ले में मातम का माहौल है।













