4
(1)

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटँगा जहाज घाट गंगा नदी में शनिवार को लगभग 11:30 बजे स्नान के दौरान 17 वर्षीय सूरज कुमार पांव फिसलने से नदी में डूब गया। मृतक झंडापुर थाना क्षेत्र के औलियाबाद वार्ड संख्या-5 निवासी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरज अपने चाचा मनोज ईश्वर और चाची जुली देवी के साथ छठ पर्व की तैयारी में गोपालपुर के तीनटँगा घाट स्नान करने गए थे। घाट पर दर्जनों लोग गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सूरज का पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते देख चाचा मनोज ईश्वर उसे बचाने आगे बढ़े, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मनोज ईश्वर को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई, लेकिन सूरज अथाह पानी में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर पुलिस और एसडीआरएफ टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और शव की तलाश शुरू की। खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला था। इस दौरान घाट पर मृतक के चाचा-चाची और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोते रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन चीख-पुकार कर मृतक के लिए ढूंढते रहे। सूरज के माता-पिता वर्षों से दिल्ली में स्थायी रूप से रहते हैं। बचपन से सूरज अपने चाचा रंजीत ईश्वर के साथ औलियाबाद में रहते थे। घटना की सुबह 9:30 बजे सूरज अपने चाचा-चाची के साथ घर से गंगा स्नान के लिए निकले थे।

सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता मुकेश ईश्वर, मां मेनुका देवी और बड़े भाई टोनी कुमार दिल्ली से घर के लिए रवाना हुए हैं। मृतक दो भाईयों में छोटे थे और औलियाबाद उच्च विद्यालय में प्लस टू के छात्र थे।

गोपालपुर थानाध्यक्ष पुनि मिथलेश कुमार ने बताया कि गंगा में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया है। शव बरामद नहीं हो सका है, तलाश जारी है। पोस्टमार्टम और आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद मृतक के परिजन को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: