



भागलपुर के पीरपैंती अडानी पावर स्थित टिओपी थाना के मुख्य द्वार के समीप मंगलवार को एक सड़क हादसे में टिओपी थाना प्रभारी सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब थाना प्रभारी थाना से बाहर निकलकर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर सामने से आ रही तेज़ रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थाना प्रभारी सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

सूचना मिलते ही डीएसपी पंकज कुमार रेफरल अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी की स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मोटरसाइकिल चालक की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













