5
(1)

एएसआई पर बेरहमी से पिटाई का आरोप

नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र के बिहारी ठाकुरबाड़ी चौक, खरीक बाजार में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवक के साथ टोटो चालकों ने हाथापाई की। बाद में पुलिस द्वारा पहुंचे एक एएसआई पर भी युवक ने बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिहारी ठाकुरबाड़ी चौक निवासी बमबम शर्मा, पिता अशोक शर्मा ने बताया कि दोपहर में दो टोटो चालक सड़क किनारे खड़े होकर आने-जाने वाली लड़कियों पर अशोभनीय टिप्पणी और छेड़खानी कर रहे थे। इस हरकत का विरोध करने पर दोनों टोटो चालकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़ लिया और हाथापाई करने लगे।

घटना की सूचना मिलने पर खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। लेकिन, कुछ देर बाद जब बमबम शर्मा बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी उसी चौक पर खरीक थाना के एएसआई सौरव कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी ने उनकी बाइक रोक ली।

बमबम शर्मा का आरोप है कि बिना किसी पूछताछ के दोनों ने उन्हें बाइक से नीचे खींच लिया और प्लास्टिक की बेंत से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों टोटो चालक भी वहीं मौजूद थे और एएसआई उन्हीं के पक्ष में काम कर रहे थे।

बमबम ने आरोप लगाया कि एएसआई सौरव कुमार और अन्य पुलिसकर्मी उन्हें खरीक थाना ले गए, जहां उन्हें करीब चार घंटे तक हिरासत में रखकर फिर से पिटाई की गई। बाद में शाम करीब छह बजे उन्हें धमका कर थाना से छोड़ दिया गया।

पुलिस की पिटाई से घायल बमबम शर्मा को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका उपचार मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

बमबम शर्मा ने कहा कि उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया, बल्कि छेड़खानी का विरोध करने की वजह से उन्हें प्रताड़ित किया गया। उन्होंने बताया कि वे एएसआई सौरव कुमार और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नवगछिया एसपी और डीआईजी को आवेदन देकर न्याय की मांग करेंगे।

इस संबंध में खरीक थानाध्यक्ष पुनि नरेश कुमार ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत अब तक थाने में प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: