5
(1)

भागलपुर । कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में टाउन हॉल, भागलपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार और जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने भी दीप प्रज्वलन में सहभागिता की।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा ऊर्जा एवं उत्साह से भरे होते हैं और ईश्वर ने प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग क्षेत्र में विशिष्ट प्रतिभा प्रदान की है। इसी प्रतिभा की पहचान और प्रोत्साहन के लिए जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत कई विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य, वक्तृता, कविता, कहानी लेखन और चित्रकला शामिल हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भागलपुर के युवा कलाकार इन विधाओं में प्रदेश और देशस्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित करेंगे।

उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रकृति हर व्यक्ति को किसी न किसी प्रतिभा से नवाजती है, लेकिन उसे संवारने और निखारने के लिए उचित अवसर आवश्यक होता है। यदि समय रहते प्रतिभा को दिशा न मिले, तो वह सामान्य जीवन के दबावों में खो जाती है। जिला स्तरीय युवा उत्सव इसी प्रतिभा को उभरने का सशक्त मंच प्रदान करता है।

कार्यक्रम की रूपरेखा जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने अपने स्वागत संबोधन के दौरान प्रस्तुत की। उत्सव में शामिल विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों ने आयोजन स्थल के माहौल को जीवंत बना दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: