



भागलपुर। अंबा पाली रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर शाम टेंट मिस्त्री की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक की पहचान भागलपुर के पार्वती धोबिया कॉलेज स्थान निवासी अशोक दास के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक दास अपने दो दोस्तों के साथ घूमने गए थे। इसी दौरान वे ट्रेन से गिर पड़े। ट्रेन की चपेट में आने से उनके पैर सहित शरीर के कई अंग कट गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन अंबा पाली स्टेशन पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

परिवार वालों ने बताया कि अशोक दास मजदूरी कर घर का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चाचा महेश दास ने बताया कि अशोक अपने दो दोस्तों के साथ गए थे। ट्रेन से गिरने के बाद उनका पैर कट गया। दोनों दोस्त वहीं मौजूद थे, लेकिन मौत हो जाने के बाद वे वहां से भाग निकले। उन्होंने कहा कि जीआरपी पुलिस ने उन्हें सूचना दी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम हाउस लाए। वर्तमान में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।













