



प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव सह क्रिएटिव टैलेंट हंट 2.0 सम्मान समारोह आयोजित
नवगछिया। एनएच-31 पकड़ा मोड़ के समीप स्थित प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को भव्य वार्षिकोत्सव सह क्रिएटिव टैलेंट हंट 2.0 सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ विद्यालय परिसर के मंच पर की गई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सबका मन मोह लिया।

इस दौरान क्रिएटिव टैलेंट हंट 2.0 के तहत विद्यालय के सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्कूल प्रशासकों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ‘केबीसी प्रतियोगिता’ की आगामी श्रृंखला को लेकर डेमो प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गहरी रुचि दिखाई।
विद्यालय के निदेशक सह अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सुमन ने कहा,
“हमारा उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। यह कार्यक्रम बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हम भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करते रहेंगे ताकि नवगछिया क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित पहचान मिले।”

विद्यालय के प्राचार्य के.के. सिंह ने कहा,
“हमारा प्रयास न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है, बल्कि छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक मंचों पर भी आगे बढ़ाना है। क्रिएटिव टैलेंट हंट 2.0 इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल है। छात्रों का उत्साह और उनके अभिभावकों का सहयोग इस आयोजन को सफल बनाता है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और प्रशासनिक सदस्य उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि नवगछिया क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति के मेल का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत किया।













