


भागलपुर के समीक्षा भवन में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा, ईद, चैती छठ एवं रामनवमी को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न त्योहारों को लेकर साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं चुना का छिड़काव, पेयजल, विद्युत, यातायात तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर अपनी-अपनी राय और सुझाव दिए। सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में वे पूरा सहयोग करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी को आगामी ईद, चैती छठ, चैती दुर्गा पूजा एवं रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी सुझावों को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर निगम को निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बिजली एवं पेयजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
छठ पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाटों की स्थिति पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि जलस्तर कम होने के कारण घाट सीमित हो गए हैं, ऐसे में आवश्यकतानुसार पानी की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रामनवमी के दौरान अधिक भीड़ और जुलूस को देखते हुए उन्होंने कहा कि सभी जुलूसों के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे युवाओं को तेज गति से वाहन चलाने से रोकें और हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करें।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि होली पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में शांति समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिसमें मोटरसाइकिल गश्ती दल का गठन किया गया है और पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी जुलूस या कार्यक्रम में डीजे का प्रयोग न करें और कोई भी संवेदनशील नारा या गीत न बजाएं, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी सक्रिय रहेंगे और जनता के सहयोग से सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएंगे।
बैठक में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अनुमंडल पदाधिकारी भागलपुर सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार चौधरी सहित जिला शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।















