0
(0)

भागलपुर । खेल विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत नाथनगर प्रखंड के उच्च विद्यालय शाहपुर के खेल मैदान में निर्माणाधीन आउटडोर स्टेडियम का शनिवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति एवं स्थल से जुड़ी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

भवन निर्माण निगम, भागलपुर के उप महाप्रबंधक प्रतीक कुमार ने बताया कि स्टेडियम निर्माण स्थल को लेकर कुछ ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति थी। इसको ध्यान में रखते हुए खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई और स्टेडियम निर्माण से होने वाले लाभों से सभी को अवगत कराया गया। इसके साथ ही निर्माणाधीन स्टेडियम के प्रवेश द्वार की दिशा एवं पवेलियन के स्थान को लेकर आपसी सहमति से स्थल का निर्धारण किया गया और इसकी जानकारी निर्माण एजेंसी को दी गई।

निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया गया कि कार्य को शीघ्र, सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। स्टेडियम की चारदीवारी का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्णय लिया गया कि सड़क से लगभग 30 से 40 फीट की दूरी पर चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा, ताकि खेल आयोजन के दौरान पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शारीरिक शिक्षक, कई खेल प्रेमी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भागलपुर जिले के कुल सात प्रखंड—खरीक, नारायणपुर, इस्माइलपुर, रंगरा चौक, सन्हौला, नाथनगर एवं गोराडीह—में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन सभी प्रखंडों के लिए जिला पदाधिकारी भागलपुर के माध्यम से पिछले वर्ष खेल विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में लगभग दो-दो करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: