



भागलपुर। यूको बैंक की ज़ोनल शाखा पर ट्रांसफर और पोस्टिंग में मनमानी के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। बैंककर्मियों का आरोप है कि शाखा के वरीय अधिकारी स्थानांतरण प्रक्रिया में धांधली कर रहे हैं, जिसके कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष पैदा हो गया है।

इसी मुद्दे को लेकर आज भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले सैकड़ों बैंककर्मी ज़ोनल कार्यालय पहुंचे और मांगों से संबंधित आवेदन सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारियों की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों की जांच की जाए।

बिहार स्टेट यूको बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के सचिव चंद्र मोहन सिंह ने ज़ोनल कार्यालय के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पूरे प्रकरण पर जल्द कार्रवाई नहीं होती और वरीय अधिकारी संज्ञान नहीं लेते हैं, तो पूरे बिहार में शांतिपूर्ण एवं चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
फिलहाल बैंककर्मियों में नाराज़गी जारी है और वे समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
















