



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने की तैयारी के क्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) भागलपुर प्रदीप कुमार सिंह ने जिला सूचना भवन स्थित मीडिया सह एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी) कोषांग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने एमसीएमसी कोषांग में कार्यरत सोशल मीडिया निगरानी टीम से बातचीत की और उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टीम को यह समझाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी फेक न्यूज या भ्रामक सूचना की पहचान और सत्यापन कैसे किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि हर आधे घंटे पर जिला प्रशासन, भागलपुर के आधिकारिक फेसबुक पेज, डीएम भागलपुर के ट्विटर और इंस्टाग्राम हैंडल की नियमित रूप से जांच करें।

डीडीसी ने यह भी कहा कि सभी अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की निरंतर निगरानी की जाए ताकि चुनाव आचार संहिता का किसी भी प्रकार से उल्लंघन न हो सके। उन्होंने टीम को सतर्क रहते हुए हर संदिग्ध पोस्ट या गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित सभी कर्मी उपस्थित थे। डीडीसी ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि एमसीएमसी की भूमिका चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
















