5
(1)

भागलपुर। भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन, विधि व्यवस्था और श्रावणी मेला 2025 की पूर्व तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बिंदुवार रूप से उप मुख्यमंत्री को विभिन्न विषयों की जानकारी दी।

बैठक में बाढ़ और सुखाड़ से संबंधित तैयारी, श्रावणी मेला 2025 की पूर्व तैयारी, विधि व्यवस्था की स्थिति, ईएसआईसी अस्पताल के लिए जमीन की उपलब्धता, पर्यटन विकास हेतु रेलवे की जमीन का स्थानांतरण, विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु भूमि अधिग्रहण, पीरपैंती पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण और गंगा रेल पुल से जुड़े मार्ग के लिए भू-अर्जन की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने भागलपुर एवं नवगछिया बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी क्षतिग्रस्त बांधों की मरम्मत मानसून पूर्व पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बाढ़ से पूर्व सभी एहतियात बरती जाएं।

श्रावणी मेला की तैयारियों पर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 में आयोजित श्रावणी मेले में लगभग 2 करोड़ 11 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जिनकी सुविधा के लिए आधारभूत संरचनाएं एवं मूलभूत सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया था। इस वर्ष 11 जुलाई से 9 अगस्त तक श्रावणी मेला आयोजित होगा, जिसकी तैयारी पहले से ही शुरू कर दी गई है। सुल्तानगंज जहाज घाट के समीप रेलवे की लगभग 7 एकड़ भूमि पर पर्यटन सुविधा के विस्तार की योजना बनाई गई है, जिसे जनहित में उपयोग करने हेतु राज्य सरकार द्वारा रेलवे से पत्राचार किया गया है।

बैठक में उप मुख्यमंत्री को पीपीटी के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने निर्देश दिया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यवस्थित और भव्य मेला आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा कांवरियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना हेतु सबौर अंचल के कुरपट मौजा में राज्य सरकार की भूमि के सशुल्क हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे स्वीकृति के लिए आयुक्त को भेजा गया है। उप मुख्यमंत्री ने कार्य में शीघ्रता लाने का निर्देश दिया।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए कहलगांव अंचल के अंतिचक और मलकपुर मौजों में कुल 215 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। वहीं, पीरपैंती पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

गंगापुर रेल पुल से संबंधित पहुंच पथ हेतु भूमि चिह्नित करने और अभिलेखों की प्रारंभिक जांच का कार्य चल रहा है। मुंगेर-मिर्जाचौकी मार्ग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए और हर हाल में सितंबर माह से पूर्व यह मार्ग पूर्ण रूप से तैयार हो जाना चाहिए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में कहलगांव विधायक पवन कुमार यादव, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: