



नवगछिया। बाल भारती विद्यालय में सोमवार को गीता जयंती एवं एनसीसी स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी. पी. सिंह, एनसीसी एएनओ विकास पांडेय तथा वरिष्ठ शिक्षकों ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। इसके बाद स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सभी गणमान्य अतिथियों ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें गीता के उपदेशों और राष्ट्रभक्ति पर आधारित नृत्य, गीत और झांकियाँ शामिल थीं। विशेष रूप से छात्राओं जहान्वी और नेहल के उत्साहपूर्ण भाषण ने उपस्थित लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया।

इस अवसर पर प्राचार्य नवनीत सिंह ने कहा कि गीता जीवन के हर मोड़ पर कर्तव्यनिष्ठा, धैर्य और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यदि विद्यार्थी अनुशासन और कर्मयोग को अपनाएँ, तो वे निश्चय ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। वहीं प्रशासक डी. पी. सिंह ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का विकास करने का एक श्रेष्ठ माध्यम है। गीता का ज्ञान और एनसीसी का अनुशासन मिलकर युवाओं को समाज और राष्ट्र दोनों के लिए प्रेरणास्रोत बनाता है।
कार्यक्रम का संचालन सातवीं कक्षा की छात्राएँ वेदांशी और राजश्री ने कुशलता से किया। इस अवसर पर एनसीसी एएनओ विकास पांडेय, नृत्य शिक्षक निभाष मोदी, शिक्षक निमाई कुमार, वागीश झा, ब्रजेश ठाकुर, दीपक गुप्ता, सुशांत चौधरी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।














